बलौदाबाजार जिले के कसडोल शहर में रविवार देर रात महामाया वस्त्रालय नाम की कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के कसडोल शहर में रविवार देर रात महामाया वस्त्रालय नाम की कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान और ऊपर बना गोदाम लपटों की चपेट में आ गया। दुकान में रखा लाखों रुपए का कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैल गई। दुकान में साड़ी, सूट, मौसमी फैब्रिक और त्योहारों के लिए मंगाया गया नया स्टॉक रखा था। आग की चपेट में आने से लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग में 50 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

आग की सूचना मिलते ही नगर सेना की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोका। करीब दो घंटे बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।

दुकान बंद थी, इसलिए टली बड़ी जनहानि

जिस समय आग लगी, उस समय दुकान बंद थी। इससे किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की स्थिति नहीं बनी और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से दुकान और गोदाम में रखा पूरा स्टॉक बर्बाद हो गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

दुकान मालिक के मुताबिक, त्योहारी सीजन को देखते हुए हाल ही में बड़ी मात्रा में नया कपड़ा मंगाया गया था, जो आग में पूरी तरह जल गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद कसडोल के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने दुकानदारों से दुकानों में अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम रखने की अपील की है।