भिलाई में सार्वजनिक जगह पर शराब पीने वालों को छुड़ाने के लिए प्रधान आरक्षक से बदसलूकी करने वाले दो आरक्षकों को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु सार्वजनिक जगह पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान दो आरक्षकों ने वहां पहुंचकर आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की और प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया। यह मामला मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।
खुलेआम शराब पीकर अड्डेबाजी कर रहे आरोपियों में से एक को छोड़ने के लिए आरक्षक सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान प्रधान आरक्षक पर लगातार दबाव बना रहे थे। दोनों आरक्षक आरोपी पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने के लिए कह रहे थे।
इस दौरान उन्होंने प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इसके बाद प्रधान आरक्षक ने पूरे मामले की शिकायत अपने वरिष्ठ अधिकारियों से की।
छावनी और खुर्सीपार थाने के हैं आरक्षक
आरोपी को छुड़ाने के लिए छावनी थाना के आरक्षक सोनू चौहान और खुर्सीपार थाना के आरक्षक चंद्रभान चौहान मौके पर पहुंचे थे। दोनों ने प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया और आरोपी को छोड़ने के लिए दबाव बनाया।
इसके बाद प्रधान आरक्षक ने पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट को दी। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को दी।
एसएसपी ने तत्काल किया सस्पेंड
मामले की जानकारी मिलते ही दुर्ग जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों आरक्षक सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों आरक्षकों पर प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने और अनुशासनहीन तरीके से दबाव बनाने का आरोप है।
निलंबन के बाद दोनों को रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है। एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को दोनों आरक्षकों के खिलाफ प्राथमिक जांच करने का आदेश दिया है। जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है।