सरगुजा कांग्रेस कमेटी ने अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर BTI कॉलेज के पास दोपहर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि, प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ के संसाधन लूटे जा रहे हैं। अडाणी के इशारे पर ईडी ने भूपेश बघेल पर छापेमार कार्रवाई की है।
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर अंबिकापुर में बनारस मार्ग पर कांग्रेस का चक्काजाम सुबह 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित अन्य कांग्रेस नेता सड़क पर बैठे और रघुपति राघव राजा राम का भजन गाया।
धरने में समर्थकों के साथ पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी पहुंचे और चक्काजाम में शामिल हुए। दो घंटे के चक्काजाम के दौरान छोटे वाहनों को डायवर्टेड मार्ग से भेजा गया। वहीं कई ट्रक धरनास्थल तक पहुंची और अधिकांश को पुलिस ने पहले ही रोक दिया।
चैतन्य बहाना, भूपेश पर निशाना- बालकृष्ण
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, भूपेश बघेल के बेटे को ईडी ने गिरफ्तार किया है। चैतन्य बघेल बहाना है। इस बहाने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल पर निशाना साधा जा रहा है। प्रदेश में खनिज संसाधनों को लूटा जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, सभ्यता, तीज-त्योहार खतरे में है। नक्सली उन्मूलन के नाम पर बस्तर में कई गांव खाली हो गए। हसदेव क्षेत्र से गांवों का अस्तित्व मिट रहा है।
प्रदेश में खनिज संसाधनों की लूट- अमरजीत
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि, भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में खनिज संसाधनों की लूट मची हुई है। सरगुजा जिले में हसदेव के क्षेत्र में वनों की कटाई, रायगढ़ के तमनार और बस्तर में वनों की कटाई हो रही है।
यह उद्योगपतियों, अडाणी को पुरस्कृत करने के लिए यह किया जा रहा है। कोई इसके खिलाफ आवाज उठा रहा है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां काम कर रही हैं। इसके विरोध में यह आंदोलन है।
बिजली विभाग का कार्यालय घेरा, पहुंचे टीएस
कांग्रेस ने दोपहर 2 बजे आर्थिक नाकेबंदी के तहत चक्काजाम को समाप्त किया और धरना स्थल से रैली निकालकर बिजली विभाग के डीई कार्यालय नमनाकला पहुंचे और कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस के चक्काजाम में पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव शामिल नहीं हुए, लेकिन विद्युत विभाग के कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में टीएस सिंहदेव भी पहुंचे।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि, बिजली बिल की बढ़ोत्तरी आम लोगों के साथ अन्याय है। साय सरकार ने डेढ़ साल में 80 पैसे बिजली के दाम बढ़ाए जा चुके हैं। सरकार बिजली के मामले में ठीक से काम नहीं कर पा रही है। बिजली के बिलों में बढ़ोत्तरी के साथ ओव्हर बिलिंग की जा रही है। बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एम्बुलेंस को जाम हटाकर दिया रास्ता
कांग्रेस के चक्काजाम के दौरान बनारस मार्ग पर मरीज लेकर एम्बुलेंस पहुंची। कांग्रेसियों ने तत्काल जाम हटाकर एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाया और एम्बुलेंस को पार कराया। चक्काजाम के दौरान पुलिस ने कुछ भारी वाहनों को डायवर्ट भी किया, बावजूद इसके बड़ी संख्या में वाहनों की लाइन लग गई।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
कांग्रेस के प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता शफी अहमद, अजय अग्रवाल, द्वितेंद्र मिश्रा, जेपी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवक कांग्रेस ,महिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।