रायगढ़ जिले में पति ने पत्नी के करीब 95 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर सुरक्षा के लिए सास के पास रखवाए थे। अलमारी में रखे इन जेवरों को अज्ञात चोर लॉकर खोलकर चोरी कर ले गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब जेवरों का पता नहीं चला तो मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पामगढ़ निवासी रविन्द्र पटेल (28) ने साल 2019 में चपले निवासी सुशीला पटेल से सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की थी। इस दौरान सास-ससुर ने स्त्रीधन के रूप में सुशीला को सोने-चांदी की कान की बाली, मांग मोती, कमरबंध समेत करीब 15 हजार रुपए के जेवर दिए थे।
इसके बाद रविन्द्र ने अपनी पत्नी के लिए करीब 80 हजार रुपए के और जेवर खरीदे थे। चपले में काम करने के कारण वह 10 जून से पत्नी और बच्चे के साथ वहीं किराए के मकान में रह रहा था।
सुरक्षा के लिए सास के पास रखे थे जेवर
रविन्द्र ने अपनी पत्नी के करीब 95 हजार रुपए के सभी जेवर सुरक्षा के लिए अपनी सास बुंदकुंवर के पास रखवा दिए थे। जेवर अलमारी के लॉकर में रखे हुए थे। 12 अगस्त को रविन्द्र की पत्नी ने अपनी मां से जेवर पहनने के लिए मांगे।
बुंदकुंवर ने अलमारी खोलकर देखा तो उसमें रखे जेवर गायब थे। इसके बाद परिवार ने आसपास और अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जेवरों का कोई पता नहीं चला।
अलमारी से सिर्फ जेवर ही हुए चोरी
रविन्द्र पटेल ने बताया कि अलमारी में रखे उनके ही जेवर चोरी हुए हैं। बाकी सामान और अन्य जेवरात उसी तरह रखे हुए थे। इससे उन्हें जेवर चोरी होने की जानकारी मिली।
काफी खोजबीन के बाद भी जब चोरी हुए जेवरों का पता नहीं चला तो रविन्द्र पटेल ने खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।