छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई में नक्सलवाद पर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 महीनों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ सफल अभियान चलाया है। छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना पूरे देश में हो रही है। नक्सली अब आत्मसमर्पण कर रहे हैं। बसवाराजू जैसे प्रमुख नक्सली के खात्मे से स्पष्ट है कि नक्सलवाद समाप्ति की ओर है।
जिला कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे सीएम
दरअसल, सीएम साय ने भिलाई में भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, डिप्टी सीएम अरुण साव और पवन साय उपस्थित थे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय समेत कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर निगम क्षेत्र के लिए 260 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इसमें 241 करोड़ के 66 कार्यों का भूमिपूजन और 19 करोड़ के 46 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।