रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम कोहड़िया में सोमवार को करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। वे दोनों टमाटर चोरी करने के लिए एक खेत में घुसे थे, जहां खेत मालिक ने फसल सुरक्षा के लिए करंट लगे खुले तार बिछा रखे थे। टमाटर तोड़ते समय पिता-पुत्र दोनों एक साथ करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक जहरू निषाद (60) और उसका पुत्र श्रवण निषाद (22) कोहड़िया गांव के रहने वाले थे। सोमवार तड़के 4 बजे दोनों चाय पीकर घर से निकले थे। पुलिस के अनुसार दोनों पास के खेत में टमाटर चोरी करने घुसे। कीचड़ होने के कारण पिता-पुत्र दोनों ने चप्पल उतार दिए थे। टमाटर तोड़ते समय क्वारियों के किनारे बिछाए गए खुले बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। फसल की सुरक्षा के नाम पर खेतों में करंट का जाल बिछाना पूरी तरह गैर-कानूनी और जानलेवा है।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे खेत मालिक कुशल पटेल अपने खेत पहुंचा। तभी उसने जहरू और उसके बेटे श्रवण की लाश देखी। दोनों के शव जमीन पर पड़े थे। मृतक जहरू के हाथ में चप्पल थी और श्रवण के एक हाथ में थैला था। थैले में 1 से डेढ़ किलो टमाटर थे, जिसे खेत से तोड़ा गया था। खबर फैलने ही घटनास्थल पर गांववालों की भीड़ लग गई।
पीएम के बाद शाम को किया गया अंतिम संस्कार सूचना पर रणवीरपुर चौकी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बिजली कंपनी को घटना की जानकारी दी। इस पर लाइनमैन ने पहुंचकर पहले सुरक्षित तरीके से करंट लगे तारों को निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी लोहारा के मरच्यूरी भेजा गया। शाम करीब 5 बजे शवों का अंतिम संस्कार हुआ। घटना से गांव में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कार्रवाई चौकी प्रभारी रणवीरपुर चौकी प्रभारी सिकंदर कुर्रे ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। खेत मालिक से पूछताछ के दौरान नेवले से टमाटर फसल की सुरक्षा के लिए करंट लगे तार बिछाने की बात कही गई है, जो कि गलत है। इधर इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।