छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने रविवार की रात एक व्यक्ति को कुचल दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने रविवार की रात एक व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बिलासपुर-कोरबा NH पर जाम लगा दिया। ऐसे में 6 किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई।

हालांकि, मुआवजा राशि देने के बाद मामला शांत हुआ। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर ही मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना पाली थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, मिलनदास (55) ग्राम करतला का रहने वाला था। वह रात में अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बिलासपुर–कोरबा नेशनल हाईवे पार करते समय रतनपुर–पाली के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर मौत हो गई।

हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुआवजे और ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन

लेकिन पहले ही हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई थी। वहीं, घटनास्थल पर रतनपुर टीआई निलेश पांडेय और एडिशनल एसपी अर्चना झा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भीड़ को समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन, लोग मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस की समझाइश के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्हें समझाइश और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा परिजनों को मुआवजा राशि भी दी गई। तब जाकर उन्होंनें चक्काजाम खत्म किया।

यातायात बहाल करने में पुलिस टीम जुटी रही

चक्काजाम के चलते करीब 6 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम समाप्त होने के बाद यातायात बहाल करने में पुलिस की टीम जुटी रही। बाद में पाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को उठवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

आरोपी चालक पर केस दर्ज

एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि ग्राम बगदेवा में नेशनल हाईवे क्रॉस कर रहे शख्स को ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम किया था। समझाइश और मुआवजा राशि देने के बाद मामला शांत हुआ है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।