मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में नाबालिग स्कूली छात्रा से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में नाबालिग स्कूली छात्रा से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पीड़ित छात्रा की मां की शिकायत पर पीटने वाली आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामला जनकपुर थाना क्षेत्र का है।

यह घटना 6 जनवरी की शाम की है। महिला ने अपने पति से अफेयर के शक में स्कूली छात्रा की पिटाई कर दी थी। महिला का आरोप है कि नाबालिग छात्रा उसके पति से कॉल पर बातें करती थी, मना करने पर भी वह नहीं मानी, इसलिए पीट दिया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

गाली गलौज कर मारपीट की

नाबालिग छात्रा स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी जनकपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक महिला ने उसे रोका। महिला ने पहले छात्रा को गाली-गलौज की और फिर सड़क पर ही उसके साथ मारपीट की। छात्रा के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान भी आए थे।

इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला छात्रा को बेरहमी से पीट रही है और मौके पर कुछ मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं।

छात्रा के चेहरे पर कई जगह नाखून के निशान

घटना के दौरान महिला और छात्रा के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस मारपीट में छात्रा के चेहरे पर कई जगह नाखून के निशान आ गए। यह घटना सार्वजनिक स्थान (बीच बाजार) पर हुई, जिसके चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। सूचना मिलने पर जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को थाने लेकर आई, जबकि छात्रा घटना स्थल से चली गई थी।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जनकपुर थाने में आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 3/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351 (3), 115 (2, 3, 5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया है कि वह छात्रा द्वारा उसके पति से बातचीत करने से नाराज़ थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में नाबालिग के साथ इस तरह की हिंसा एक गंभीर अपराध है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।