दुर्ग जिले में चोरी और लूट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में चोरी और लूट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, भिलाई में बुजुर्ग महिलाओं से चेन लूटने के दो मामलों में चार आरोपी पकड़े गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां गायब मिली थीं। इनकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। चौकीदार ने एक व्यक्ति को पेटी ले जाते देखा था। जांच के बाद पुलिस ने युशु यादव (22) और कबाड़ी देवानंद सोनी (65) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने देवानंद से पूछताछ के बाद उसके कब्जे से छह मतपेटियां बरामद कीं। घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए है, और 200 रुपए नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 76,200 रुपए बताई गई है।

चोरी हुई 10 मतपेटियों में से अभी छह ही बरामद हुई हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला की चेन लूटी

दूसरा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को पद्मनगर, भिलाई-3 निवासी एस. मुरली मनोहर (75) अपनी पत्नी एम. माधवी के साथ शिव मंदिर के पास कपड़े की दुकान से लौट रहे थे। इसी दौरान पता पूछने के बहाने आए आरोपियों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।

रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 575/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

जनवरी में हुई चेन लूट की घटना भी सुलझी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में 13 जनवरी 2026 को इंदिरा नगर, भिलाई-3 में परमेश्वरी भवन के पास हुई चेन लूट की घटना की जानकारी भी सामने आई। इस मामले में 71 वर्षीय सावित्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया था कि सामान लेकर घर लौटते समय मोटरसाइकिल से आए लोगों में पीछे बैठे व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली थी। इस संबंध में पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 63/2026 दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में लोगों को पता पूछने या दूसरे बहाने से रोककर महिलाओं के गले से आभूषण झपटने और बाद में उन्हें बेचने की जानकारी दी। डोंगरगढ़ और रायपुर के ज्वेलर्स को आभूषण बेचने और रकम आपस में बांटने के संबंध में भी तथ्य सामने आए हैं। पुलिस इन जानकारियों और संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है।