बेमेतरा जिले के देवरबीजा में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़े बिजली बिल, बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के देवरबीजा में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़े बिजली बिल, बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिजली सब स्टेशन का घेराव कर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बढ़े बिजली बिल से आम लोग और किसान परेशान हैं। स्मार्ट मीटर से बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें भी मिल रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने किसानों से ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर पैसे लेने की समस्या भी उठाई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग भी की।

पुतला जलाते समय कार्यकर्ता आग की चपेट में आया

पुतला दहन के दौरान एक कार्यकर्ता आग की चपेट में आ गया। पुतले पर पेट्रोल डालते समय यह घटना हुई। आग को तुरंत बुझा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ता के कपड़े जल गए। हालांकि, गंभीर चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई।

रविंद्र चौबे बोले- बिजली की समस्याओं से किसान परेशान

पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिल और पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने से किसान परेशान हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने महाधरना-प्रदर्शन किया और बिजली कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के मुद्दे पर भी कांग्रेस अपना विरोध दर्ज करा रही है।

स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से आम जनता परेशान है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। निर्धारित समय में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर कांग्रेस ने आगे भी आंदोलन करने की चेतावनी दी। छाबड़ा ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग दोहराई।