पंजाब के अमृतसर में हुए सरपंच हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली

Chhattisgarh Crimesपंजाब के अमृतसर में हुए सरपंच हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की सरेआम गोली मारकर हत्या करने वाले दो शूटरों को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

दोनों आरोपी वारदात के बाद पंजाब से फरार होकर रायपुर में छिपे हुए थे। पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया और अब उन्हें कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर ले जाने की तैयारी की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा जल्द रायपुर पुलिस के अधिकारी करेंगे।

4 जनवरी को हत्या की थी आरोपियों ने

यह सनसनीखेज हत्या 4 जनवरी को अमृतसर के तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह की हुई थी। वे एक शादी समारोह में शामिल होने मैरी गोल्ड रिसॉर्ट नामक मैरिज पैलेस पहुंचे थे।

समारोह के दौरान दो बदमाश बिना किसी डर के उनके पास पहुंचे और बेहद नजदीक से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच वहीं गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। वीडियो में साफ दिखा कि दोनों हमलावर बिना मुंह ढके, पिस्टल निकालकर वारदात को अंजाम देते हैं और आराम से मौके से फरार हो जाते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक सरपंच पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके थे।

सोशल मीडिया में पाेस्ट करके फंसे

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कुछ लोगों ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है।

तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रेस के जरिए पंजाब पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायपुर में छिपे हैं। इसके बाद टीम ने दबिश देकर दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश, गैंग नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।