बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में पति के खिलाफ दुष्कर्म और लूट का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि, दो साल से पति से अलग रह रही महिला की शिकायत पर एक प्रशिक्षु पीएसआई ने बिना शुरुआती जांच किए ही एफआईआर दर्ज कर ली।
मामला एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने सीएसपी परमेश्वर तिलकवार को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। इसमें लूट के आरोपों की भी नए सिरे से जांच होगी।
पति-पत्नी के बीच विवाद, कोर्ट में चल रहा मामला
जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति से अलग मायके में रह रही है। दोनों के बीच का मामला कोर्ट में चल रहा है और फैसला आना बाकी है। महिला ने कथित तौर पर पति को घर बुलाया था।
पति के पहुंचने के बाद महिला थाने पहुंची और उस पर जबरदस्ती संबंध बनाने और रुपए लूटने की शिकायत की। इस शिकायत पर प्रशिक्षु पीएसआई ने मामला दर्ज कर लिया। अब जांच में यह साफ होगा कि एफआईआर दर्ज करने में नियमों का पालन हुआ या नहीं।
थाना प्रभारी भी हटाए गए
इस बीच जिले के कई थानों के प्रभारी हटाए गए हैं, जिसमें सिरगिट्टी थाना प्रभारी का भी नाम शामिल है। हालांकि, उन्हें इस मामले के चलते हटाए जाने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।