नेशनल हाईवे-130 पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesनेशनल हाईवे-130 पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे जयपाल कंवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नितेश राम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिधमा निवासी जयपाल कंवर और ग्राम केवरा निवासी नितेश राम शुक्रवार को उदयपुर गए थे। रात में दोनों बाइक से केवरा लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-130 पर रामपुरहिन मंदिर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में जयपाल के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नितेश राम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि उसका एक पैर टूट गया है और शरीर में अंदरूनी चोटें भी आई हैं।

सूचना मिलने पर एंबुलेंस से दोनों को लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद घायल नितेश को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

राहगीरों के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे नहीं होने के कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हाईवे पर लगे कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।