बलरामपुर रामानुजगंज जिले में शादीशुदा महिला से तीन साल तक बलात्कार करने वाले आरोपी अमरनाथ यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला 24 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था। यह घटना सनावल थाना क्षेत्र की है।
पीड़िता ने सनावल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 की ठंड के महीनों में, शाम लगभग 7-8 बजे जब पीड़िता शौच के लिए घर से बाहर डबरी (तालाब) की ओर गई थी, तब आरोपी अमरनाथ यादव (28 वर्ष) ने उसे पकड़ लिया। आरोपी उसे डबरी के पास ले गया और उसके साथ जबरन बलात्कार किया।
धमकी देकर बनाता रहा संबंध
घटना के बाद अमरनाथ यादव ने पीड़िता को किसी को भी इस बारे में न बताने की धमकी दी, अन्यथा उसे जान से मारने की बात कही। इस घटना के बाद आरोपी लगातार पीड़िता के साथ गलत काम करता रहा। वह पीड़िता को संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था और धमकी देता था कि यदि उसने मना किया तो वह उसकी इज्जत बर्बाद कर देगा और उसे जान से मार देगा। इस डर के कारण पीड़िता मजबूर होकर उससे मिलती रही।
एक अन्य घटना 9 मार्च 2025 को हुई, जब घर के सभी सदस्य ग्राम सेमरवा में एक शादी में गए हुए थे। उस समय आरोपी अमरनाथ यादव पीड़िता के घर आया और उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया।
पति ने आरोपी के खिलाफ की शिकायत
19 सितंबर 2025, शुक्रवार को अमरनाथ यादव पीड़िता पर फिर मिलने के लिए दबाव डाल रहा था और लगभग 10 बजे मोबाइल पर फोन किया था। इस दौरान पीड़िता के पति को इस बात का पता चला, जिसके बाद पीड़िता ने उन्हें पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी अमरनाथ यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सनावल थाने में शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी अमरनाथ यादव को हिरासत में लिया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करने के पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।