रायपुर में बच्चों के स्वास्थ्य के लिए संचालित “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत निशुल्क हृदय जांच अभियान चल रहा है। इस योजना का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय रहते पहचान कर उन्हें बेहतर और निशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने श्री सत्य साईं हॉस्पिटल के सहयोग से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की विस्तृत हृदय जांच की, जिससे गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव हो सके।
आंगनबाड़ी की टीम कर रही काम
मंगलवार को आयोजित शिविरों में अर्बन टीम डी ने आंगनबाड़ी केंद्र 5 और 6 सरोरा में 141 बच्चों, धरसीवां टीम ने शासकीय प्राथमिक स्कूल में 232 बच्चों, आरंग टीम बी ने मिडिल स्कूल बनारसी में 153 बच्चों, अर्बन टीम बी ने आंगनबाड़ी केंद्र 6 रायपुरा में 117 बच्चों, अभनपुर टीम ने मिडिल स्कूल टेकरी में 197 बच्चों और अर्बन टीम ए ने शासकीय सेजेस स्कूल में 220 बच्चों की स्क्रीनिंग की।
वहीं, तिल्दा टीम बी ने मिडिल स्कूल टंडवा में 287 बच्चों की हृदय जांच की। इस तरह जिलेभर में एक ही दिन में कुल 1347 बच्चों की निःशुल्क हृदय स्क्रीनिंग की गई। जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को समय पर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।