सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र के भेलाभाट जंगल में जमीन के अंदर दफन एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिला

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र के भेलाभाट जंगल में जमीन के अंदर दफन एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यवाहक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव निकाला गया। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मोहरसोप चौकी से करीब 4-5 किलोमीटर दूर भेलाभाट जंगल में ग्रामीणों की नजर जमीन के अंदर दबे शव पर पड़ी। शव से तेज बदबू आ रही थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।

पुलिस को आशंका है कि, युवक की हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल में जमीन के अंदर दफन किया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। कार्यवाहक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

शव की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ-साथ उसके यहां तक पहुंचने और मौत के कारणों की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।