टायगर रिजर्व क्षेत्र में 12 घंटे आवाजाही प्रतिबंध के विरोध में 5 फरवरी को होगी तीनों क्षेत्रों की संयुक्त बड़ी बैठक

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes

पूरन मेश्राम/मैनपुर।

टायगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीणों की आवाजाही पर लगाए गए 12 घंटे के प्रतिबंध को लेकर आज ग्राम गोना में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, झांकर-पटेल समाज के प्रतिनिधियों एवं युवाओं की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 05 फरवरी को ग्राम गोना में

उदंती, सीतानदी और राजापड़ाव तीनों क्षेत्रों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं की एक संयुक्त बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह प्रतिबंध केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर रोटी-बेटी के रिश्तों, इलाज, खेती-किसानी, रोज़गार और सामाजिक कार्यों पर पड़ रहा है। रात के समय आवाजाही पर पूर्ण रोक ग्रामीण जीवन की वास्तविक परिस्थितियों के विपरीत है।

आज की बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी 5 फरवरी की बैठक में संवैधानिक दायरे में रहते हुए, एकजुट रणनीति तैयार की जाएगी, शासन-प्रशासन तक ठोस और तार्किक मांग रखी जाएगी, और क्षेत्रवासियों के हित में सकारात्मक समाधान की दिशा तय की जाएगी।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, झांकर-पटेल समाज के वरिष्ठों एवं युवाओं ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र शांति प्रिय है, लेकिन जनहित के मुद्दों पर चुप्पी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।सभी क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे 5 फरवरी को होने वाली इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी बात मजबूती से रखें।