कोरबा सीएसईबी विभाग के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के 56,065 रुपए का गबन करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने विभाग के एक लाइन परिचालक को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा सीएसईबी विभाग के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के 56,065 रुपए का गबन करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने विभाग के एक लाइन परिचालक को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि उसने आरटीजीएस के माध्यम से विभागीय राशि अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यालय कार्यपालन अभियंता तुलसीनगर कोरबा के प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 316(5), 336, 340 और 238 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

निजी खाते में ट्रांसफर की विभागीय राशि

विवेचना में सामने आया कि आरोपी हरीश कुमार साहू (35), पिता स्व. अंजोर साय, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व, थाना सिविल लाइन रामपुर, संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था।

आरोप है कि इसी दौरान उसने विभाग के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपए आरटीजीएस के जरिए अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच की। इसमें आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी को उसके निवास से थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की ओर से आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।