बेमेतरा शहर के वार्ड नंबर 15 नयापारा में घर में घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा शहर के वार्ड नंबर 15 नयापारा में घर में घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वहीं, 5 नाबालिग बालकों को भी रिमांड में लिया गया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का पैदल मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था का संदेश दिया।

मामला 10 नवंबर की रात करीब 1 बजे का है। वार्ड नंबर 15 नयापारा निवासी नागेश साहू (23) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उसके घर के पास पहुंचे और मोहल्ले के लोगों को बाहर निकलने की धमकी देते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगे।

आरोपियों ने लोहे की रॉड से उसके घर का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मोहल्ले के एक अन्य व्यक्ति के घर के दरवाजे में भी तोड़फोड़ की गई।

सीसीटीवी फुटेज और गवाहों से हुई पहचान

शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने मुखेन्द्र साहू, गौरव साहू, मोनिश साहू, अभिषेक साहू, देवेन्द्र निषाद, लक्की उर्फ प्रिंस यादव, साहिल रिजवी, मुकेश गुप्ता, ध्वज शर्मा, ध्वनि शर्मा, माधव शर्मा, नरसिंग यादव और राकेश उर्फ राहुल यादव को गिरफ्तार किया है। इनके साथ घटना में शामिल पाए गए 5 नाबालिग बालकों को भी रिमांड में लिया गया है।

हथियार और अन्य सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो धारदार हथियार, स्टील पाइप और बांस का डंडा सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

एसडीओपी बोले- अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया गया। अब तक 13 बालिग आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है और 5 नाबालिग बालकों को रिमांड में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।