छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर उधम सिंह का एनकाउंटर कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर उधम सिंह का एनकाउंटर कर दिया है। उधम सिंह साल 2021 में हुए टेकुलगुड़ेम एनकाउंटर में शामिल था। जहां नक्सली हमले में 22 जवान शहीद हुए थे। इसके साथ ही वह कई वारदातों में शामिल रहा।

DVCM उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर था और वह जागूरगुंडा एरिया कमेटी का कमांडर भी था। इस पर 8 लाख का इनाम था। बता दें कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में गुरुवार (5 फरवरी) सुबह साढ़े 7 बजे से मुठभेड़ हुई थी, जवान शव और हथियार लेकर लौट आए हैं।

डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF कोबरा के जवानों ने साउथ बस्तर के पेद्दागेलूर जंगल क्षेत्र में नक्सलियों को घेरा था। दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग चली। मौके से एक AK-47 राइफल भी बरामद की गई है। घटना तर्रेम थाना क्षेत्र की है।

साल 2021 में हुई थी 22 जवानों की शहादत

3 अप्रैल 2021 को बीजापुर और सुकमा जिले से लगे तर्रेम के टेकलगुड़ुम गांव में हुए मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हुए थे। NIA की जांच में यह बात सामने आई थी कि जवानों पर करीब 350 से 400 नक्सलियों ने हमला किया था और उनके हथियार भी लूट लिए थे।

नक्सलियों ने जवानों पर बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) और स्वचालित हथियारों से हमला किया था। यह हमला नक्सलियों ने अपने टीसीओसी (टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन) तहत किया था।

1 साल में 232 नक्सली मारे गए

बीजापुर एसपी डॉ जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि साल 2025 में जिले में हुए अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 माओवादी को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। वहीं, साल 2026 में 11 माओवादी ढेर हुए है।

इस प्रकार जनवरी 2024 से अब तक जिले में चलाये गये माओवादी विरोधी अभियान में कुल 232 माओवादी मारे गये, 1163 माओवादी गिरफ्तार हुए और 888 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए।