गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में 42 साल के ज्योति गुप्ता से 1 लाख 67 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सूरज नायक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पीड़िता ने सीएम हेल्पलाइन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी।
पुलिस के अनुसार, साल 2022 में एक अज्ञात व्यक्ति ने ज्योति गुप्ता से मोबाइल पर संपर्क किया था। उसने एक लाख रुपए जमा करने पर पांच लाख रुपए का मुनाफा दिलाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर पीड़िता ने अलग-अलग किस्तों में यूपीआई के जरिए कुल 1 लाख 67 हजार रुपए एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की इंदौर शाखा के एक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
बैंक खाता कराया गया था होल्ड
रकम ट्रांसफर करने के बाद पीड़िता ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद आने लगा। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने वर्ष 2022 में चाणक्य साइबर सेल, दिल्ली के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद संबंधित बैंक खाते को होल्ड करा दिया गया था। शिकायत को साइबर सेल जीपीएम भेजा गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई
पेंड्रा पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया। जांच में धोखाधड़ी के तथ्य मिलने पर आरोपी सूरज नायक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़िता की रकम वापस दिलाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
काम करने से रोका तो जान से मारने की धमकी दी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी में जेसीबी चालक को काम करने से रोकने, जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने राकेश तिग्गा की शिकायत पर लाला केशरवानी और जुग्गा गुप्ता के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों पर गाली-गलौज करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, ग्राम दमदम निवासी राकेश तिग्गा पिता बिसून लाल तिग्गा 5 अक्टूबर 2026 को अपनी जेसीबी में डीजल भरवाने के बाद कोटमी स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर रहा था। इसी दौरान लाला गुप्ता वहां पहुंचा और उसे कोटमी क्षेत्र में काम नहीं करने की धमकी दी। इसके बाद उसने जुग्गा गुप्ता को भी बुला लिया।
राकेश का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द कहे। वहीं, लाला गुप्ता ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद राकेश ने पेंड्रा थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने लाला केशरवानी और जुग्गा गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।