राजिम कुंभ कल्प: मेला की अव्यवस्था पर भड़के भाजपा के राजिम विधायक, जिला प्रशासन व इवेंट कंपनी को लगाई कड़ी फटकार

Chhattisgarh Crimes

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद। राजिम कुंभ कल्प मेले में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। मेले की गरिमा और सरकार की छवि से जुड़ा मामला बताते हुए विधायक ने जिला प्रशासन एवं इवेंट कंपनी को सख्त चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह अधिकारी हो, कर्मचारी हो या इवेंट कंपनी—यदि सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास करेगा तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, एक दिन पूर्व पत्रकारों और आम नागरिकों द्वारा इवेंट कंपनी पर मनमानी, अनावश्यक रोक-टोक एवं अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। इसकी शिकायत विधायक रोहित साहू से की गई थी, जिस पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने अधिकारियों और इवेंट कंपनी के कर्मचारियों को निर्देशित किया था।
लेकिन अगले ही दिन अव्यवस्था का एक और गंभीर मामला सामने आया, जब मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम समाप्ति के बाद डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया और उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कलाकारों के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की जानकारी जैसे ही विधायक रोहित साहू को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर विधायक रोहित साहू नाराज हो गए और अधिकारियों व इवेंट कंपनी के कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा आयोजन है, इसकी गरिमा से कोई भी खिलवाड़ नहीं कर सकता। आने जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में, मेले में पहुंचे साधु संतों को भी किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी कलाकारों को स्वयं साथ लेकर एक निजी रेस्टोरेंट में ले जाकर भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और इस तरह की लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं विधायक रोहित साहू का सख्त और संवेदनशील रुख आम जनता और कलाकारों के बीच सराहना का विषय बना हुआ है।