रायगढ़ नगर निगम ने टैक्स नहीं पटाने वाले बकायादारों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। 50 हजार से अधिक बकाया रखने वालों पर नल कनेक्शन काटने और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। 3 बकायादारों के 2 लाख 40 हजार 854 रुपए बकाया होने पर उनके नल कनेक्शन काट दिए गए। 78,759 रुपए जलकर की वसूली भी की गई।
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मंगलवार को राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक लेकर कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद बुधवार को राजस्व टीम ने वार्ड क्रमांक 18-19 के टाउन हॉल के सामने सोनारपारा और पैलेस रोड क्षेत्र में अभियान चलाया। यहां सत्यनारायण, शिवमंगल और राजेश के मकानों में करीब 2.40 लाख रुपए से अधिक बकाया मिलने पर नल कनेक्शन काटे गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को 50 हजार रुपए से अधिक बकाया रखने वालों को नोटिस जारी कर सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिए हैं। टैक्स नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सीलिंग और आबंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
रोज 50 घरों से संपर्क के निर्देश
सभी वार्ड प्रभारियों को प्रतिदिन अपने क्षेत्र के कम से कम 50 घरों से संपर्क कर संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर और यूजर चार्ज की वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। शाम 5 बजे तक दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए निगम कार्यालय में शिविर लगाकर टैक्स जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आयुक्त बोले- ढिलाई बर्दाश्त नहीं
इस मामले में आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि, शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह जरूरी है। टैक्स नहीं मिलने से विकास प्रभावित होता है, इसलिए बकायादारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।