महासमुंद में देशी शराब भट्टी के पीछे एक व्यक्ति का शव मिला

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद में देशी शराब भट्टी के पीछे एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान क्लब पारा वार्ड नंबर 26 निवासी हेमंत दीवान (45) के रूप में हुई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

यह शव महासमुंद नगर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 353 से सटी सितली नाला स्थित देशी शराब भट्टी के पीछे झाड़ियों के बीच मिला। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

परिजनों के अनुसार, हेमंत दीवान शुक्रवार सुबह 9 बजे घर से निकले थे और रात भर वापस नहीं लौटे। जानकारों ने परिजनों को सूचना दी कि उनका शव देशी शराब भट्टी के पीछे पड़ा है। जानकारी के मुताबिक, हेमंत लंबे समय से शराब पीने के आदी थे।

पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, कि यह अत्यधिक शराब सेवन से हुई है या किसी अन्य कारण से। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले इसी शराब भट्टी के पास एक नाबालिग समेत तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।