रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए बर्थडे पार्टी के आपत्तिजनक वीडियो मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है

Chhattisgarh Crimesरायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए बर्थडे पार्टी के आपत्तिजनक वीडियो मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। वीडियो में अर्धनग्न अवस्था में शराब पीते और हाथ में चाकू लेकर डांस करते दिख रहे लड़के नाबालिग पाए गए।

पुलिस के अनुसार, वीडियो की पुष्टि करने पर चाकू पकड़े किशोर और उसका साथी राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह के निवासी पाए गए। उम्र कम होने के कारण उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

जांच में पता चला कि उनके पास मिला चाकू आकार में छोटा था। निर्धारित मापदंड में नहीं आने के कारण आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज नहीं किया गया। पुलिस ने दोनों किशोरों के परिजनों को थाने बुलाया। बच्चों पर निगरानी रखने और भविष्य में ऐसी हरकत न होने देने की सख्त हिदायत दी गई। बाद में किशोरों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

ये है पूरा मामला

कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें कुछ युवक बर्थडे पार्टी के दौरान अर्धनग्न अवस्था में गैंगस्टर गानों पर डांस करते नजर आए। उनके हाथ में चाकू और शराब की बोतलें दिख रही थीं। कुछ युवक साथियों को कंधे पर बैठाकर चाकू लहराते दिखाई दिए।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू की थी। जांच में शामिल सभी युवक नाबालिग पाए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।