छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक खाली प्लॉट पर रखे सिंचाई पाइपों में भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी में एक खाली प्लॉट पर रखे सिंचाई पाइपों में भीषण आग लग गई। यह शहर के विवेकानंद गली नंबर 3 में हुई, जिससे आसपास की कॉलोनी में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते प्लॉट में रखे बड़ी संख्या में पाइप आग की लपटों में घिर गए। जिस स्थान पर आग लगी, उसके बिल्कुल पास कई लोगों के मकान स्थित हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने प्लॉट से धुआं और ऊंची लपटें उठती देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझाने से आसपास के घरों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

सिंचाई पाइप जलकर खाक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। इस घटना में प्लॉट में रखे कई सिंचाई पाइप पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पाइप किसके थे और आग से कितने रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।