मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर दौरे के दौरान प्रदेश में एलपीजी (तरल पेट्रोलियम गैस) की किल्लत की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी आवश्यक वस्तु की कोई कमी नहीं है और ऐसी खबरें केवल लोगों को गुमराह करने के लिए फैलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश में एलपीजी या किसी अन्य आवश्यक वस्तु की कोई कमी नहीं है। सभी लोगों को सही जानकारी होनी चाहिए। अफवाहों पर ध्यान न दें।” उन्होंने बताया कि ईरान से दो जहाज पहले ही रवाना हो चुके हैं और वे एक-दो दिन में भारत पहुंच जाएंगे।
विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता तक समय-समय पर सही जानकारी पहुंचाएं और अफवाहों के प्रसार पर कड़ी नजर रखें।
मुख्यमंत्री की अपील- अफवाहों पर न दें ध्यान
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। किसी भी संकट के समय आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखना सरकार का महत्वपूर्ण कर्तव्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।