छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच सोमवार को कई जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच सोमवार को कई जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद तीनों क्षेत्र में ओले गिरे। वहीं, सरगुजा के उदयपुर सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई है।

राजधानी रायपुर में भी सोमवार देर रात तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। इस वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं मौसम विभाग ने देर रात प्रदेश के बड़े हिस्से में येलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग सहित प्रदेश के कुल 19 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

जारी अलर्ट के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।