छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मामूली बात पर दो युवकों ने मिलकर एक युवक के साथ मारपीट की और बीयर के बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और युवकों ने उसके स्कूटी में रखे कैश 10 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ढिमरापुर क्षेत्र के प्यासा मैदान में रहने वाले 28 साल के नितेश गुप्ता ने बुधवार रात को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उसने बताया कि वह अपनी स्कूटी से बड़े रामपुर की सरकारी शराब दुकान पर बीयर लेने गए थे। बीयर खरीदने के बाद जब वह उसे स्कूटी की डिक्की में रख रहा था, तभी इंदिरा नगर के रहने वाले मीर हसमत अली उर्फ राजा (28 साल) और उसका साथी अफसर खान (38 साल) वहां आ गए और उसके साथ झगड़ा करने लगे।
झगड़े के दौरान दोनों ने नितेश के साथ मारपीट की। इसी दौरान राजा ने बीयर की बोतल उनके सिर पर फोड़ दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद दोनों युवकों ने स्कूटी की डिक्की खुलवाकर उसमें रखे 10 हजार रुपए लूट लिए और वहां से फरार हो गए।
आरोपी इंदिरा नगर क्षेत्र से गिरफ्तार
घटना के बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए टीम भेजी गई।
पुलिस ने दोनों युवकों को इंदिरानगर इलाके से पकड़ लिया। उनके पास से लूटे गए पैसों में से खर्च के बाद बचे 3,500 रुपए भी बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपियों को नहीं बख्शा जाएगा
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि लूटपाट और मारपीट जैसे अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
ऐसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई है।