कांकेर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकांकेर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती कर इस घटना को अंजाम दिया था।

यह मामला कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र का है। 24 दिसंबर 2025 को चारामा थाने में एक नाबालिग लड़की के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान नाबालिग को बरामद कर लिया।

नाबालिग ने बताया कि आरोपी सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा (निवासी सतना, मध्यप्रदेश) ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की और उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

आरोपी का लोकेशन पुणे में मिला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता पुणे, महाराष्ट्र में चला। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल पुणे रवाना किया गया।

पुणे पहुंची टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा उर्फ नीलेश, पिता अनुज लाल वासुदेव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बाहरी, थाना सीधी, जिला सीधी (मध्यप्रदेश) को 20 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर कांकेर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात व्यक्तियों से मित्रता करने में सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।