बिलासपुर में चलती ऑटो से महिला का जेवरों से भरा बैग पार कर दिया गया। इस दौरान ऑटो में और भी महिला सवारी थीं। महिला को इस घटना की जानकारी तब हुई, जब घर पहुंचकर सामान व्यवस्थित करने लगी। बैग से करीब 4 तोला सोने के गहने गायब मिले। इस मामले की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार उसलापुर के वैष्णवी विहार निवासी सुषमा पाण्डेय 30 मार्च को अपनी बड़ी बेटी के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेवर लेकर गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद 31 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वे लाफार्ज से स्कूल बस के जरिए गुरुनानक चौक पहुंचीं।
यहां से उन्होंने ई-रिक्शा लेकर नेहरू चौक का सफर तय किया। इसके बाद एक ऑटो में सवार हुईं। उस समय ऑटो में पहले से तीन अन्य महिलाएं भी बैठी थीं।
सफर के दौरान हुई चोरी, घर पहुंची तब पता चला
महिला ने बताया कि, उसलापुर ओवरब्रिज पार करने के बाद वह ऑटो से उतर गईं और करीब 11 बजे घर पहुंचीं। जब उन्होंने अपने बैग में रखे जेवर को अलमारी में रखने के लिए निकाला, तो देखा कि साड़ी के नीचे डिब्बे में रखा सोने का हार और एक जोड़ी ईयररिंग गायब थी। चोरी गए जेवर का वजन करीब 4 तोला बताया जा रहा है।
साथ बैठी महिलाओं पर शक
पीड़ित महिला को संदेह है कि ऑटो में साथ बैठी अज्ञात महिलाओं ने ही मौका पाकर जेवर पार कर दिए। उन्होंने अपने स्तर पर ऑटो चालक के माध्यम से जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन संदिग्ध महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिल पाया। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।