महासमुंद में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा जब्त किया और हरियाणा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अफीम पोस्त डोडा ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक एच आर 46 एफ 4848) को रोककर तलाशी ली गई।
पिकअप वाहन और दो मोबाइल भी जब्त
तलाशी में वाहन में रखी बोरियों से 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन (कीमत 10 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत 20 हजार रुपये) भी जब्त किए। कुल जब्त सामान की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी हरविंदर सिंह (40) और सत्यवान वाल्मीकि (40) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अवैध मादक पदार्थ झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।