नगर पालिका निगम जगदलपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2026 कर दी गई

Chhattisgarh Crimesनगर पालिका निगम जगदलपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2026 कर दी गई है। राज्य सरकार ने करदाताओं को राहत देते हुए एक महीने तक बिना 10% पेनल्टी के टैक्स जमा करने की छूट दी है। नगर निगम ने 24.21 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 31 मार्च तक 78.93% यानी 19.11 करोड़ रुपए की वसूली कर ली है।

नगर पालिका निगम के चलाए गए टैक्स वसूली अभियान में इस वर्ष अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 24 करोड़ 21 लाख 37 हजार रुपए का लक्ष्य तय किया था, जिसके मुकाबले 31 मार्च 2026 तक 19 करोड़ 11 लाख 27 हजार रुपए वसूल किए जा चुके हैं।

संपत्ति टैक्स में निगम का प्रदर्शन बेहतर रहा है। 6 करोड़ 76 लाख 58 हजार रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 6 करोड़ 63 लाख 31 हजार रुपए की वसूली की गई, जो 98.04% है। वहीं बकाया मांग सहित कुल 8 करोड़ 37 लाख 14 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध 7 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपए यानी 95.15% वसूली हुई।

जल टैक्स में वसूली कम रही है। 8 करोड़ 25 लाख 9 हजार रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 31 मार्च तक 2 करोड़ 48 लाख 18 हजार रुपए यानी 30.08% की वसूली हुई है। दुकानों के किराया मद में निगम ने 1 करोड़ 80 लाख 54 हजार रुपए की वसूली की है।

10% लगेगी पेनल्टी

राज्य सरकार ने 31 मार्च के बाद लगने वाले अधिभार से राहत देते हुए 30 अप्रैल 2026 तक बिना पेनल्टी टैक्स जमा करने की छूट दी है। इसके बाद 10% पेनल्टी के साथ टैक्स वसूला जाएगा।

मेयर बोले- 30 अप्रैल तक करें ट्रैक्स जमा

महापौर संजय पांडेय ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल तक टैक्स जमा कर छूट का लाभ लें और अतिरिक्त पेनल्टी से बचें। वहीं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने करदाताओं को राहत दी है।