दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बटरेल के राजा तालाब शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में गांजा और नगदी बरामद हुई है।

दरअसल 14 अप्रैल को पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति मंदिर के पास गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां पर आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को पकड़ा। जिसने पूछताछ में अपना नाम ताराचंद देवांगन (50) निवासी तरिया पारा, ग्राम बटरेल बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास एक लाल रंग की प्लास्टिक बोरी मिली, जब बोरी की जांच की गई तो उसमें गांजा मिला। मौके पर ही गांजे का वजन कराया गया, जो 2.500 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।

इसके अलावा आरोपी के पास से 1300 रुपए नकद और एक विवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया।

एनडीपीएस के तहत केस दर्ज

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा किसी देवानंद सोनवानी नाम के व्यक्ति से खरीदकर लाया था और यहां बेच रहा था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है। इसके बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।