दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष दास बैरागी (21 वर्ष), साजन बैरागी (20 वर्ष) और लक्ष्य साहू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सुपेला के नेहरू नगर स्थित अटल आवास के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी मिलकर संगठित तरीके से बाइक चोरी करते थे और उन्हें बेचकर पैसे कमाते थे।

मामले की शुरुआत तब हुई जब कोसा नगर सुपेला निवासी रामेश्वर यादव ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल की रात उनके घर के सामने खड़ी उनकी मोटरसाइकिल यामाहा एफजेड एस (क्रमांक CG 08 S 1633) को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मनीष दास बैरागी अपने साथियों के साथ इलाके में घूम रहा है और चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पुलिस ने जब्त किया वाहन पकड़े गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बाइक चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कोसा नगर से यामाहा एफजेड एस के अलावा लक्ष्मी नगर क्षेत्र से एक और बाइक CD डीलक्स (क्रमांक CG 07 LD 8329) भी चोरी की थी। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली हैं। पुलिस ने इस मामले में पहले दर्ज धाराओं के साथ अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ दी हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।