रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी से मायके जा रही थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक, ग्राम टूंड्री रामपुर निवासी उमा राठिया (33) शुक्रवार सुबह अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी से सिंघनपुर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही से टक्कर मार दी। हादसे में उमा ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पति और बच्चा दूर जा गिरे, जिससे उन्हें हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग पर चक्काजाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
पुलिस जांच में जुटी
भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। महिला अपने परिवार के साथ मायके जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।