रायपुर का इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को रायपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया। 17 अप्रैल को खेमानी को फ्लाइट से रायपुर लाया गया है। इसके साथ ही 6 और आरोपी भी पकड़े गए हैं। उनके कब्जे से BMW समेत 60 लाख का सामान जब्त हुआ है।
जांच में खुलासा हुआ है कि, खेमानी के बहुत फॉलोअर थे, जिसका फायदा उठाकर हाई प्रोफाइल सट्टा खेलने वालों लोगों से संपर्क किया। उसने महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट शुरू किया था। जानकारी के मुताबिक, उसके रिश्तेदार इसे ऑपरेट कर रहे थे।
खेमानी दबाव बनाकर सट्टे का पैसा वसूलता था। रायपुर पुलिस के दबाव के कारण उसने दूसरे राज्यों में ऑनलाइन सट्टा खिलाना शुरू कर दिया था। पुलिस इसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
विदेशी नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस के मुताबिक, बाबू खेमानी साल 2011 में दुबई, साल 2023 में थाईलैंड, 2025 में 3 बार दुबई गया है। इसके विदेशों के कनेक्शन की भी जांच की जा रहीं है।
बताया जा रहा है कि, इस पूरे नेटवर्क का संचालन देश के अलग-अलग शहरों से किया जा रहा था, जबकि बाबू खेमानी खुद रायपुर से कहीं बाहर बैठकर पूरे सिंडिकेट को कंट्रोल कर रहा था।
रिश्तेदारों और दोस्तों को सिंडिकेट से जोड़ा
रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों में उसके रिश्तेदारों और करीबियों की मदद से पैनल ऑपरेट किए जा रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि इस सट्टा सिंडिकेट में कई लोगों की अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं।
महादेव ऐप की तर्ज पर कई पैनल बनाए
वह महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैच में सट्टा खिलवा रहा था। इसके साथ ही वह पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 व डायमंड मास्टर ऑनलाइन पैनल का संचालन कर रहा था।
13 अप्रैल को उसके खिलाफ गंज थाने में FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद से फरार था। अब तक इस मामले में 27 आरोपियों को पकड़ा गया है।