सरगुजा जिले में खुद को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताकर ग्रामीणों को धमकाने और पैसों की वसूली करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार हो गया। आरोपी शराब बनाने की जांच सहित बेवजह के आरोप लगाकर धमकाकर पैसे मांग रहे थे। आरोपियों ने कई लोगों से अवैध वसूली करना स्वीकार किया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र के नकना निवासी सुरेंद्र कुमार ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अप्रैल को दोपहर 12.30 बजे 6 युवक स्वयं को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताते हुए जबरन घर में घुस गए और शराब बनाने का आरोप लगा घर की तलाशी ली। युवकों ने मानसिक दबाव देते हुए 20 हजार रुपए की मांग की। पैसे नहीं मिलने पर केस बनाकर जेल भेजने की धमकी दी।
सुरेंद्र कुमार ने युवकों से डरकर 4 हजार रुपए उन्हें दे दिया। इसके बाद सभी युवक गांव के ही दूसरे पारे में बिन्दू महंत के घर में घुसे और बिना पूछे घर की तलाशी लेते हुए घर में इलाज के लिए रखी गई दवाओं को देखकर क्लीनिक चलाने का आरोप लगा एक लाख रुपए की मांग की।
युवकों ने पूरे परिवार को परेशान किया। युवक उन्हें डरा धमका कर 1 हजार रुपए ले लिया। मामले में सीतापुर पुलिस ने धारा 308(2) बीएनएस का अपराध दर्ज किया।
6 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की खोजबीन शुरू की। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में श्याम लाल सारथी (54 वर्ष), रामा कांत मिंज (34 वर्ष) दोनों निवासी रायगढ़, अनुज भगत (37 वर्ष), निवासी गोधनपुर अंबिकापुर, आकाश केरकेट्टा (27 वर्ष) निवासी नमनाकला, अंबिकापुर, अबित खेस (27 वर्ष) निवासी विश्रामपुर के साथ एक युवती भी शामिल है।
कई स्थानों पर वसूली करना कबूला आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 20 अप्रैल 2026 को वे बतौली के देवरी गए थे, जहां एक घर में फर्जी डाक्टर का हवाला देते हुए पैसा लिए। इसके बाद वे लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के राता में भी डरा धमकाकर अवैध वसूली की। 21 अप्रैल को नकना के दो घरों से कुल पांच हजार रुपए की वसूली की। आरोपियों के पास से 5000 रुपए नगद जब्त किया गया है। इसके पहले भी वे अन्य स्थानों से वसूली कर चुके थे।
सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।