छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में भाजपा पार्षद के भाई के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में भाजपा पार्षद के भाई के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के विरोध में बुधवार को महापौर, सभापति और भाजपा पार्षद कोतवाली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए वहीं बैठकर विरोध करने लगे।

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 31 की भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान मंगलवार रात अपने परिवार के साथ देवांगन धर्मशाला में एक शादी में गई थीं।

वापस लौटते समय मेन रोड पर कुछ युवकों ने धुमाल (डीजे) की गाड़ी सड़क पर खड़ी कर रखी थी। पार्षद के भाई ने गाड़ी हटाने को कहा, तो इसी बात पर विवाद हो गया और 5-7 लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। इससे वह घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही महापौर, सभापति और भाजपा पार्षद बुधवार को कोतवाली थाने पहुंच गए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

वे थाने के सामने बैठकर विरोध करने लगे। काफी देर तक कोई पुलिस अधिकारी उनसे बात करने नहीं आया, तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी।

बाद में पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

सिर, चेहरे और जबड़े में आईं चोटें

भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान ने बताया कि वे शादी कार्यक्रम से लौट रहीं थीं। रास्ते में धुमाल की गाड़ी सड़क के बीच में खड़ी थी, जिसे हटाने के लिए कहा गया। इसी बात पर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने छड़ और बांस से हमला किया, जिससे उनके भाई के सिर, चेहरे और जबड़े में चोटें आईं है। इसके साथ ही जातिगत गाली-गलौज भी की गई। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो शहरवासी कैसे सुरक्षित रहेंगे

महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि वार्ड नंबर 31 की पार्षद अपने परिवार के साथ शादी कार्यक्रम से घर लौट रही थीं, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

उन्होंने कहा कि पार्षद के भाई पर जानलेवा हमला किया गया है। महापौर ने बताया कि वे पुलिस को यह बात बताने आए हैं कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारी अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं और जब तक कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रात में पुलिस को सूचना मिली थी कि शादी से लौटते समय महिला पार्षद और उनके परिवार के साथ कुछ लोगों का झगड़ा हो गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस में धाराएं तय की जाती हैं और जरूरत पड़ने पर आगे और धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।