कोरबा में ढाबे की आड़ में अवैध शराब का कारोबार चलाने के मामले में आबकारी विभाग ने कुसमुंडा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बबली होटल ढाबा के संचालक पदुमदास को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन मदिरा के 40 पाव यानी कुल 7.2 लीटर शराब जब्त की गई है।
कलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायत के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर विभाग ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश और वृत्त प्रभारी जया मेहर के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान बबली होटल ढाबा के संचालक पदुमदास के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
नवंबर में 134 प्रकरण, 21 आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग के मुताबिक, नवंबर माह के 27 दिनों में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ मदिरा और 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 19 हजार 748 रुपए बताई गई है।
इस अवधि में अवैध शराब से जुड़े कुल 134 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं, गैरजमानती अपराधों में 21 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गांवों में भी निगरानी और छापेमारी
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने से जुड़ी शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने वृत्त क्षेत्र में नियमित गश्त और छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई गांवों में महुआ शराब की बिक्री जारी है, जबकि कुछ गांवों में ग्रामीणों और महिला समितियों ने स्वयं इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। महिला समितियों के माध्यम से निगरानी की जा रही है और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी कराई जा रही है।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के कारोबार की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।