प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और अब इसमें और तेजी आने के संकेत

Chhattisgarh Crimesप्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और अब इसमें और तेजी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अगले 24 घंटे में पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कल यानी 24 अप्रैल से मध्य छत्तीसगढ़ में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है, जो अगले तीन दिनों तक असर दिखा सकती है। इससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

इस बीच, प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। जगदलपुर में बुधवार दोपहर बारिश के साथ ओले गिरे। तापमान की बात करें तो दुर्ग में सबसे अधिक 43.2°C और जगदलपुर में न्यूनतम 20.5°C दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी को देखते हुए बिलासपुर में व्यापम की प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से होंगी, जो पहले दोपहर 12 बजे से आयोजित होती थीं। 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड उप निरीक्षक, 14 मई को एसएससी नर्सिंग और पीईटी, तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।