कोरबा में कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था और दूसरों को भी सट्टा खिला रहा था। उसके फोन-पे नंबर से लाखों रुपए के UPI लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस ने मोबाइल, सट्टा पट्टी और नकद रकम जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड पर मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है। वह सट्टा पट्टी भी लिख रहा है।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। वहां आरोपी मोबाइल से सट्टा खेलते मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मोबाइल की जांच की।
मोबाइल में मिले सट्टा साइट के स्क्रीनशॉट
मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा साइटों के स्क्रीनशॉट, सट्टा पट्टी के अंकों की तस्वीरें और अन्य जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, मोबाइल और नकद रकम जब्त की है। उसके फोन-पे नंबर से लाखों रुपए के UPI लेन-देन की जानकारी भी मिली है। पुलिस अब लेन-देन और सट्टे से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
आरोपी का पूरा नाम मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की है। वह स्व. ईस्माइल कुरैशी का बेटा है। आरोपी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास का निवासी है।
उसके खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 968/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की है।
बस स्टैंड इलाके से भी पकड़े गए थे 6 से ज्यादा लोग
कुछ दिन पहले कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड इलाके में सट्टा पट्टी लिखने के मामले में 6 से अधिक लोगों को पकड़ा था। उनके पास से मोबाइल और सट्टा पट्टी जब्त की गई थी।
कोरबा पुलिस ने लोगों से सट्टा-जुआ से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाना-चौकी या डायल 112 पर देने को कहा है।