दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर 25 साल के यात्री की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर 25 साल के यात्री की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े दो नाबालिग लड़कों ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की।

विरोध करने पर एक ने उसे थप्पड़ मारा और दूसरे ने डंडे से वार किया। छीना-झपटी के दौरान यात्री मोबाइल सहित ट्रेन से नीचे गिर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बालकों को अभिरक्षा में लिया है।

चलती ट्रेन में मोबाइल छीनने की कोशिश

घटना 27 नवंबर को सुबह करीब 11:45 बजे ट्रेन नंबर 12856 इंटरसिटी एक्सप्रेस में हुई। उस समय ट्रेन शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास से गुजर रही थी। दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े थे। उन्होंने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की।

यात्री ने इसका विरोध किया तो एक बालक ने उसे थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने डंडे से वार कर दिया। इस दौरान यात्री मोबाइल सहित चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद यात्री को गंभीर हालत में सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25), निवासी ग्राम सुरजी, थाना अंजनगांव, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

खिड़की के पास बैठे यात्रियों को बनाते थे निशाना

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे खासकर खिड़की के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल छीनने की कोशिश करते थे।

घटना की सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई।

इसमें दो नाबालिग की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों के तहत उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

हत्या और लूट की धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने अपराध क्रमांक 0542/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4), 309(6) और 3(5) में अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।