भिलाई में अकेले रह रही महिला साइबर ठगी की शिकार हो गई है। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 62 साल की महिला से 7 लाख रुपए ठग लिए गए। आरोपी खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कई दिनों तक महिला को वीडियो कॉल और मैसेज के जरिए डराते-धमकाते रहे। मामला थाना सुपेला क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, भिलाई के आर्य नगर कोहका निवासी निर्मला चौबे ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। उस कॉल में 5 से 7 लोग पुलिस की वर्दी में दिख रहे थे।
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, भिलाई के आर्य नगर कोहका निवासी निर्मला चौबे ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। उस कॉल में 5 से 7 लोग पुलिस की वर्दी में दिख रहे थे।
उनमें से एक व्यक्ति ने अपना नाम संदीप राव बताया और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताया।
आरोपियों ने महिला को बताया कि उनके नाम से कोटक महिंद्रा बैंक में करोड़ों रुपए का लेन-देन हो रहा है और वे अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के लिए उनके घर की तलाशी ली जाएगी।
इसके बाद आरोपियों ने लगातार कई दिनों तक कॉल और मैसेज कर महिला को डराया। यहां तक कहा गया कि अगर उन्होंने किसी को इस बारे में बताया तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा।
16 मार्च को 3 लाख रुपए ट्रांसफर किए
डर के कारण महिला ने 16 मार्च को अपने SBI खाते से 3 लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए एक खाते में ट्रांसफर कर दिए। यह पैसा अगोदिया नारायण चोवाराम के नाम पर भेजा गया था।
इसके बाद 17 मार्च को दो युवक और एक युवती उसके घर पहुंचे और 4 लाख रुपए की मांग करने लगे। जब महिला ने पैसे न होने की बात कही, तो आरोपियों ने उसे सोना गिरवी रखने की सलाह दी।
वहीं, महिला के घर 4 सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद उस समय की कोई रिकॉर्डिंग नहीं हुई।
15 अप्रैल को पैसा लौटाने का दिया था झांसा
महिला ने बताया कि आरोपियों के कहने पर उन्होंने मुथूट फाइनेंस में सोना गिरवी रखकर सिटी यूनियन बैंक गुंदुर तालापाडू बुग्गुगुंडी विष्णु वर्धन के खाते में 4 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद 15 अप्रैल के बाद पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा। इसी भरोसे में महिला ने परिवार को भी जानकारी नहीं दी।
तीन दिनों में ही 30 से बार किया कॉल, 20 बार वीडियो कॉल
महिला के आधार कार्ड में रजिस्ट्रर्ड मोबाइल नंबर पर ही ठगों ने कॉल किया था। आरोपी संदीप राव ने 20 से 30 बार फोन कर बात की और 19 मैसेज भेजे। इसके अलावा 18 बार मिस कॉल भी किया। वह सुबह “गुड मॉर्निंग”, शाम “गुड इवनिंग” और रात “गुड नाइट” के मैसेज भी भेजता था।
इसके साथ ही नारायण चोवाराम नाम के व्यक्ति के नंबर से भी 10 मिस कॉल और 20 वीडियो कॉल आए। बाद में दूसरे नंबर से 3 वीडियो कॉल और 2 व्हाट्सएप कॉल भी किए गए।
एफआईआर की कॉपी और सुप्रीम कोर्ट का जुर्माना भी दिखाया
आरोपियों ने पीड़ित महिला को फर्जी एफआईआर की कॉपी, सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी जुर्माना का आदेश तक दिखाया। लगातार कॉल, वीडियो कॉल और फर्जी दस्तावेज दिखाकर आरोपियों ने महिला को पूरी तरह मानसिक दबाव में रखा।
बाद में जब कोई पैसा वापस नहीं मिला, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ और 22 अप्रैल को उन्होंने अपने दामाद के साथ पुलिस चौकी स्मृति नगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक दिन पहले भी ठगी के दो मामले हुए थे दर्ज
इधर भिलाई में एक दिन पहले भी साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पहला मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। यहां पर चरोदा के रेलवे कॉलोनी जोन-1 निवासी रामू ने – शिकायत दर्ज कराई कि 19 अप्रैल की शाम करीब 5.30 बजे उनके मोबाइल पर लगातार बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज आ रहे थे।
देखने पर पता चला कि एचडीएफसी बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 28 हजार 44 रुपए निकाल लिए गए हैं। वहीं दूसरा मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। यहां सेक्टर-1, बी मार्केट निवासी 70 वर्षीय सुभाषचंद का मोबाइल 14 अप्रैल को पावर हाउस चौक में जयंती समारोह के चोरी हो गया। 18 अप्रैल को खाते से 1 लाख 99 हजार 621 रुपए कई खातों में ट्रांसफर कर लिए गए।