बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक माचिस गोदाम में आज सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक माचिस गोदाम में आज सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का माचिस और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम और फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दुसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में बुधवार की देर रात दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। जिसमे सारा सामान जल गया।

नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि आग बुझाने के लिए व्यापार विहार के गोदाम की दीवार तोड़नी पड़ी। आग को फैलने से रोकने के लिए निगम के एक्सीवेटर और स्काई लिफ्ट का उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि दूसरी मंजिल पर आग बुझाने का कोई रास्ता नहीं था, जिसके कारण एक्सीवेटर से दीवार तोड़कर आग पर काबू पाया गया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांशु नाथ ने बताया कि व्यापार विहार में माचिस और पान मसाला के सामानों की दुकान में सुबह करीब 4 बजे लगी आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने अग्निकांड के बाद व्यापार विहार व्यापारी संघ के अध्यक्ष नानक खंडूजा से बातचीत की है, जिन्होंने आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण लगाने का आश्वासन दिया है।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ने सभी व्यावसायिक और गैर-व्यावसायिक संस्थानों तथा प्रतिष्ठानों से नेशनल बिल्डिंग कोड (एनबीसी) के अनुसार फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था करने की अपील की है। उन्होंने अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर इसे प्राप्त करने का भी आग्रह किया, ताकि आग से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

दूसरी आगजनी की घटना

सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में बुधवार की देर रात मीरा गुप्ता की दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलकर स्वाहा हो गया।

घटना की जानकारी वहां मौजूद कुछ पत्रकारों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

असामाजिक तत्वों की कारस्तानी, कार्रवाई की मांग

जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।