छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। ओडिशा से ट्रेन के जरिए 52 किलो गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 25.62 लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया है। यह मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से तीन युवक बड़े बैग में गांजा लेकर आ रहे हैं। इस पर SSP शशि मोहन सिंह ने सड़क और ट्रेन दोनों रास्तों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए और सभी थानों व साइबर टीम को अलर्ट किया।
इसी दौरान खरसिया रेलवे कॉलोनी के पास तीन संदिग्ध युवक बड़े बैग के साथ घूमते हुए दिखे, जो ग्राहकों की तलाश में थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दिनेश कुमार बेहरा (22), शिवा बेहरा (21) और देवी प्रसाद कंहर (19) बताए। तीनों ओडिशा के कंधमाल जिले के रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन से गांजा लेकर आ रहे थे, लेकिन रेलवे पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए खरसिया में उतरकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
तलाशी लेने पर उनके पास से 16.1 किलो, 20.4 किलो और 15.5 किलो, कुल 52 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 25 लाख 62 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ठ) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सप्ताह भर के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले एक हफ्ते में पुलिस को तीसरी बड़ी सफलता मिली है।
इससे पहले तमनार थाना क्षेत्र से 60 किलो, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से 36 किलो और अब खरसिया क्षेत्र से 52 किलो गांजा जब्त किया गया है।
किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती से काम कर रही है। तस्करी के इस नेटवर्क के हर स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।