रायपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने वाले मुख्य आरोपी सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने वाले मुख्य आरोपी सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मामला पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन अंतर्गत मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।

होटल ले जाकर बनाया वीडियो, फिर किया शेयर पीड़िता ने 26 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि टोनी ध्रुव उर्फ मुन्नू शादी का झांसा देकर उसे जीई रोड स्थित एक होटल में ले गया। यहां अपने परिचित होटल मैनेजर की मदद से बिना वैध आईडी के कमरा लिया गया। इसके बाद आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाकर उसका वीडियो बनाया और बाद में पीड़िता के परिजनों को भेज दिया। इसके बाद शादी से इनकार कर दिया।

24 घंटे में आरोपी और मैनेजर गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मैनेजर ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना आईडी प्रूफ के कमरा उपलब्ध कराया, जिससे अपराध में सहायता मिली।

होटल संचालकों को सख्त चेतावनी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि हर आने वाले व्यक्ति से वैध पहचान पत्र लेना जरूरी है और उसका पूरा रिकॉर्ड रखना होगा।

अगर बिना आईडी कमरा दिया जाता है या रिकॉर्ड रखने में लापरवाही होती है, तो इसे गंभीर अपराध माना जाएगा।

पुलिस ने साफ किया है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई-जिसमें केस दर्ज करने से लेकर लाइसेंस रद्द करने तक शामिल है-की जाएगी। शहर में समय-समय पर होटल-लॉज की जांच जारी रहेगी और जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।