कोरबा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी पुलिस ने धान के खेत में छिपाकर रखी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से गोवा व्हिस्की की 389 बोतलें, कुल करीब 70.02 लीटर शराब बरामद की।
मामले में अलगाडांड घोसरा निवासी धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार (45) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धनसाय बिंझवार ने अपने घर के पास स्थित धान के खेत में बिक्री के लिए मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की छिपाकर रखी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी की।
तलाशी के दौरान खेत से गोवा व्हिस्की की 389 बोतलें बरामद हुईं। शराब की कुल मात्रा करीब 70.02 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश में निर्मित शराब को छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से बेचने के लिए रखा गया था। पुलिस ने शराब जब्त कर धनसाय उर्फ धन्नू को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश सिंह तथा कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संतोष सिंह और आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल एवं रोशन पांडेय टीम में शामिल रहे।
न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध महुआ शराब और अंग्रेजी शराब जब्त की जा चुकी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है।