दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। भिलाई और दुर्ग के कई लोगों से एक युवक ने हेल्थ डिपार्टमेंट, एजुकेशन और बीएसपी समेत अलग-अलग विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठग लिए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में 4 लोगों से कुल 16 लाख 15 हजार रुपए की ठगी की गई है। आरोपी का नाम सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी (उम्र 34 साल) है, जो भिलाई के हुडको इलाके का रहने वाला है। यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, तितुरडीह वार्ड 19 की रहने वाली उपासना देशमुख ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनकी पहचान उनकी सहेली के जरिए आदी गुज्जर नाम के युवक से हुई थी। सहेलियों ने बताया था कि वह लोगों को सरकारी नौकरी दिलवाता है। इसके बाद उपासना की उससे बातचीत शुरू हुई।
उपासना के मुताबिक, आदी गुज्जर ने उन्हें सेक्टर-9 स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पास मिलने बुलाया। वहां उसने कहा कि वह किसी विभाग में उनकी नौकरी लगवा देगा, लेकिन इसके लिए 3 लाख 50 हजार रुपए लगेंगे। शुरुआत में उसने 20 हजार रुपए एडवांस मांगे। 3 नवंबर 2023 को उपासना ने उसे अपने शैक्षणिक दस्तावेज और 20 हजार रुपए दे दिए।
अलग-अलग बहाने बनाकर मांगते रहा पैसे इसके बाद आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा। कभी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के नाम पर, तो कभी अफसरों को देने के नाम पर उसने कई बार में उपासना से कुल 2 लाख 65 हजार रुपए ले लिए। आरोपी ने उन्हें रायपुर मंत्रालय भी बुलाया और फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर एक लाख रुपए और ले लिए।
स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा फर्जी ज्वाइनिंग लेटर कुछ समय बाद आरोपी ने स्पीड पोस्ट के जरिए एक और जॉइनिंग लेटर भेजा। जब उपासना ने ज्वाइनिंग के लिए दबाव बनाया तो वह टालता रहा। इसी दौरान पता चला कि और भी लोग इसी तरह ठगी का शिकार हुए हैं।
जांच में सामने आया कि मनीष साहू नाम के युवक से आरोपी ने 6 लाख 50 हजार रुपए लिए। वहीं यमुना साहू से 4 लाख 50 हजार और रचना फिलिप्स से 2 लाख 50 हजार रुपए वसूले गए।
सभी को अलग-अलग विभागों में नौकरी लगाने का भरोसा दिया गया था और फर्जी दस्तावेज भी दिए गए। पीड़ितों को जब शक हुआ तो उन्होंने आपस में बात की और पूरा मामला सामने आया। इसके बाद उपासना देशमुख ने पुलिस में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने किया गिरफ्तार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी आदी गुज्जर के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज बनाने की धाराओं में केस दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में करीब 16 लाख 15 हजार रुपए की ठगी की बात सामने आई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी नियुक्ति पत्र, कई कूटरचित दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य जरूरी साक्ष्य जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल वह लोगों को झांसा देने के लिए करता था।