छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के IPL में के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 3 मोबाइल और 51 हजार कैश जब्त किया है।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई डभरा रोड पर की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डभरा रोड खरसिया में अजय उर्फ रिंकू अग्रवाल (46), निवासी वार्ड नंबर 15, मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी अपने मोबाइल से सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 30 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मुख्य खाईवाल अंकित भी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि रानीसती छपरी गंज, खरसिया निवासी अंकित अग्रवाल (37) मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट मैचों में दांव लगाकर हार-जीत का खेल संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवीन स्कूल के पास गली रोड, खरसिया में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें ALLPANELEXCH और ALLPANELEXCH 9-CO नाम के व्हॉट्सऐप ग्रुप के जरिए सट्टा संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 21 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
IPL मैचों में लगा रहे दे दांव
इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि नया मंगल बाजार शेड, खरसिया में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और नरेंद्र राठौर (34), निवासी सपिया चौकी फगुरम, थाना डभरा, जिला सक्ती को पकड़ लिया।
आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी dollarbet.club वेबसाइट पर आईडी और पासवर्ड के जरिए IPL मैचों में सट्टा संचालन कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सट्टा आईडी उसे सपिया निवासी एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।